मनोहरपुर | झारखंड : मनोहरपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुष्कर्म का विरोध करने पर एक महिला की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



15 जनवरी को मिला था शव……
जराइकेला थाना क्षेत्र के सागजुड़ी गांव के पास नाले से 50 वर्षीय महिला तुलसी महली का शव बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पुलिस ने गहन जांच के बाद सच्चाई से पर्दा उठा दिया।
हत्या नहीं, सुनियोजित दरिंदगी……
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला के साथ पहले जबरदस्ती की कोशिश की गई। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूल…..
इस मामले में पुलिस ने आरोपी जॉनसन कुंडलना (32) को गिरफ्तार कर लिया है, जो ओडिशा के लाहिकुड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि घटना के दिन उसने पहले शराब पी, फिर महिला को नाले के पास ले गया, जहां संघर्ष के दौरान महिला के सिर में चोट लगी और बाद में उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की सख्ती से टूटा आरोपी…..
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली। इलाके में आक्रोश, कड़ी सजा की मांग इस जघन्य अपराध के बाद गांव में गुस्सा और डर का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
