जमशेदपुर : केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026 को लेकर राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कांग्रेस नेता देबाशीष घोष ने इस बजट को सिरे से खारिज करते हुए इसे गरीब, मजदूर, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के साथ खुला धोखा करार दिया है।

देबाशीष घोष ने कहा कि देश आज ऐतिहासिक बेरोज़गारी, बेलगाम महंगाई और गिरती क्रयशक्ति से जूझ रहा है, लेकिन बजट 2026 में आम जनता को कोई राहत नहीं दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उसकी नीतियां आम नागरिक नहीं, बल्कि चंद पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जाती हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा……
“छोटे उद्योग, MSME सेक्टर, मजदूर वर्ग और किसानों के लिए इस बजट में कुछ भी ठोस नहीं है। युवाओं के रोजगार को लेकर कोई ठोस रोडमैप नहीं दिया गया, जिससे देश का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि मध्यम वर्ग पहले ही टैक्स और महंगाई की दोहरी मार झेल रहा है, लेकिन बजट में उसे राहत देने के बजाय सरकार ने उसकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
देबाशीष घोष ने सवाल उठाते हुए कहा,
“क्या देश सिर्फ अमीरों के लिए चलाया जा रहा है? क्या गरीब, किसान और युवा इस सरकार के एजेंडे में कहीं नहीं हैं?”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता सब देख और समझ रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी इस बजट का पुरजोर विरोध करती है और इसे जनता विरोधी बजट मानती है।
