जमशेदपुर : क्षत्रिय समाज संपूर्ण भारत के तत्वावधान में शनिवार को साकची स्थित कैनल लाइट होटल में सावन महोत्सव एवं सावन क्वीन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के पारंपरिक रंग, गीत-संगीत और मनोरंजन के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा सिंह ने की।


सावन क्वीन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, नृत्य, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में अंशु सिंह ने सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया, जबकि कल्पना सिंह द्वितीय और श्वेता राय तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अधिवक्ता दीप सिंह एवं अधिवक्ता सुधा सिंह ने निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष श्वेता सिंह ने किया। अतिथियों का स्वागत मोनी सिंह, बबीता सिंह एवं सुषमा सिंह ने किया। वहीं लक्ष्मी सिंह ने स्वागत गान प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत को सुरमयी बनाया। बिहार से पहुंचीं मुख्य अतिथि गायत्री सिंह का आयोजन समिति की ओर से विशेष स्वागत किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन में शामिल सभी महिलाओं को सुहाग की निशानी के रूप में चूड़ी, सिंदूर एवं बिंदी प्रदान की गई।
समारोह में अतिथियों को राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्वेता सिंह, कोल्हान अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह एवं जिला अध्यक्ष अर्चना सिंह ने अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया. आयोजकों ने कहा कि सावन महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है। पूरे कार्यक्रम के दौरान सावन के पारंपरिक गीत-संगीत और उत्सवी माहौल ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
