जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, सियासी बयानबाजी भी तल्ख होती जा रही है. राजकुमार श्रीवास्तव ने भाजपा नेता नीरज सिंह पर गंभीर और तीखे आरोप लगाते हुए चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद बिस्टुपुर में बार चलवाता है और बार बालाओं से डांस करवाता है, वही अब नशा मुक्त समाज बनाने की बात कर रहा है।
राजकुमार श्रीवास्तव ने बिना नाम लिए सीधा निशाना साधते हुए कहा कि “जनता सब जानती है। जो व्यक्ति वर्षों से शराब और बार संस्कृति को बढ़ावा देता रहा, वह आज समाज सुधारक बनकर मंचों से भाषण दे रहा है। यह दोहरा चरित्र नहीं तो और क्या है?”
उन्होंने आरोप लगाया कि बिस्टुपुर क्षेत्र में कथित रूप से संचालित बार और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर कई बार सवाल उठे, लेकिन अब वही चेहरा नैतिकता और सामाजिक सुधार का मुखौटा पहनकर जनता के बीच जा रहा है। उन्होंने कहा कि “नशा परोसने वाला व्यक्ति नशा मुक्त समाज का नारा दे, इससे बड़ा मजाक क्या हो सकता है?”
राजकुमार श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने के लिए बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। “पहले अपने दामन पर लगे दाग साफ करें, फिर समाज सुधार की बात करें,” उन्होंने तीखे लहजे में कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और संसाधनों के बल पर छवि चमकाने की कोशिश की जा रही है, जबकि जमीन पर सच्चाई कुछ और है। “जो व्यक्ति बार बालाओं के डांस से कमाई करता है, वह आज अपनी पत्नी को मेयर बनाने के लिए ‘नशा मुक्त समाज’ का नारा दे रहा है। जनता को यह समझना होगा कि असली चेहरा क्या है और चुनावी मंच का चेहरा क्या है,” उन्होंने कहा।
इस बयान के बाद मानगो की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह बयान आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबले को और तीखा बना सकता है। फिलहाल नीरज सिंह की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि यह सियासी टकराव अभी और तेज होगा।
मानगो नगर निगम चुनाव भले ही नीतिगत रूप से गैर-दलीय हो, लेकिन जमीनी स्तर पर राजनीतिक रंग पूरी तरह चढ़ चुका है। आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर में अब जनता की नजर इस बात पर है कि सच किसके साथ है और कौन सिर्फ चुनावी मंच से शब्दों के तीर चला रहा है।
