जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत ईस्ट प्लांट बस्ती में सोमवार देर रात चापड़ से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई. बदमाशों ने टिंकू सिंह पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें वह और उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर तो है, लेकिन फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इलाके में संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
