ओल्ड डीएस फ्लैट पार्क के पास कचरे का पहाड़, दुर्गंध और बीमारी के साये में जीने को मजबूर स्थानीय लोग
जमशेदपुर : शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों के बीच गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केबल बस्ती के ओल्ड डीएस फ्लैट पार्क के समीप बदहाल सफाई व्यवस्था ने नगर निकाय के दावों की पोल खोल दी है। यहां कई दिनों से गीले एवं सूखे कचरे का विशाल ढेर जमा है, जिससे पूरे इलाके में असहनीय दुर्गंध फैली हुई है। हालात ऐसे हैं कि स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरना तक मुश्किल हो गया है।

कूड़े के ढेर से उठ रही सड़ांध के कारण मच्छरों, मक्खियों एवं अन्य कीटों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही कचरे का उठाव नहीं किया गया तो क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से कचरे का उठाव नहीं होने के कारण पूरा इलाका गंदगी और बदबू से परेशान है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल सफाई अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
जिम्मेदारों से सीधे सवाल……
– कई दिनों से जमा कचरे के इस अंबार की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
– क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कभी इस इलाके का निरीक्षण किया है?
– आखिर कब तक स्थानीय लोगों को गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?
– क्या “स्वच्छ शहर” का दावा केवल कागजों तक ही सीमित है?
– यदि इस गंदगी के कारण कोई महामारी फैलती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
– आखिर कब तक ओल्ड डीएस फ्लैट पार्क के आसपास रहने वाले लोग इस बदहाली को झेलते रहेंगे?
अब देखने वाली बात यह होगी कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है। फिलहाल केबल बस्ती के लोग गंदगी, दुर्गंध और बीमारी के खतरे के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं।