जमशेदपुर । नारायण प्राइवेट आईटीआई परिसर में महान किसान नेता एवं समाज सुधारक स्वामी सहजानंद सरस्वती की जन्म जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर डॉ. जटाशंकर पांडे, डिप्टी डायरेक्टर प्रो. सुदीस्ट सर, एडवोकेट निखिल कुमार पांडे सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारीगण ने स्वामी सहजानंद सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायरेक्टर डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती एक अप्रतिम दूरदर्शी, कुशाग्र नेतृत्वकर्ता और किसान आंदोलन के प्रणेता थे। उन्होंने किसानों को संगठित कर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा सामाजिक जागरूकता का व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने अपने विचारों, कार्यक्रमों और जनआंदोलनों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती का स्पष्ट मानना था कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब किसानों की उन्नति और समृद्धि सुनिश्चित हो। आज भी उनकी विचारधारा समाज और राष्ट्र के लिए उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उनके समय में थी. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वामी सहजानंद सरस्वती के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
