पटना : पटना स्थित 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 की विजेता भारत अंडर‑19 क्रिकेट टीम के सदस्य और बिहार के प्रतिभाशाली क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये का चेक और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि भारत की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि वैभव भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद हैं और भविष्य में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है। खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन दिया जा रहा है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने वैभव को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करते रहें और राज्य व देश का नाम रोशन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देती रहेगी।
