जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर 3 में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने युवक रितेश कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। पेट में चाकू घोंपकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि रितेश कुमार शाम को टहलने निकला था। जैसे ही वह काशीडीह काली मंदिर के पास पहुंचा, छत से किसी ने उसके ऊपर पानी फेंक दिया। जब रितेश ने इसका विरोध किया, तो बात अचानक बिगड़ गई। पहले गाली-गलौज और फिर मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते तीन लोग वहां पहुंचे और रितेश पर टूट पड़े। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसके पेट में वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस हरकत में आई और घायल रितेश को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. रितेश ने बताया कि वह गुरुवार सुबह थाना जाकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग करेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
