धनबाद : होली के दिन एक शर्मनाक घटना सामने आई है। प्यार का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक युवक ने 16 वर्षीय नाबालिग को धमकी देकर बुलाया और कथित रूप से नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर सरायढेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दामोदरपुर निवासी दीपक मुंडा उर्फ अजय है। पीड़िता ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने मोहल्ले की एक दुकान पर सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे धमकाते हुए सेंट्रल अस्पताल के ओपीडी के पास आने को कहा और नहीं आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
डर के कारण नाबालिग वहां पहुंच गई। आरोप है कि वहां युवक ने उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। होश आने पर उसने खुद को अस्पताल परिसर के एक बाथरूम में बंद पाया। शोर मचाने पर एक महिला ने दरवाजा खोला। इसके बाद पीड़िता ने महिला के मोबाइल से अपने बड़े भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले गए।
