मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर अब 115 रुपये महंगा हो गया है. नए दाम आज से लागू हो चुके हैं और इन्हें इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम अप्रैल 2025 के बाद पहली बार बढ़ाए गए हैं।
दिल्ली में अब क्या है कीमत….
अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये हो गई है, जबकि चेन्नई में यह 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये तक पहुंच गई है. इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये का इजाफा किया गया है, जो 7 मार्च से प्रभावी हो गया है। दिल्ली में अब 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये में मिलेगा, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये हो गई है।
जाने क्यों हुई दामों में बढ़ोतरी….
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आयात होने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद घरेलू सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। होर्मुज के जरिये एलएनजी की आपूर्ति 28 फरवरी से ही रुक गई है. इससे लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक एलएनजी आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है और एशियाई आयात बाजारों में चिंता बढ़ गई है। भारत की एलएनजी आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा कतर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ही आता है।
