रामगढ़ : जिले के चूटूपालू घाटी में रांची से रामगढ़ जा रहे एक ट्रेलर के पलटने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के कारण सड़क पर करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें बन गईं। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर घाटी के घुमावदार मोड़ पर पहुंचते ही चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रेलर का अगला हिस्सा उसके पिछले हिस्से से अलग हो गया और पिछला हिस्सा चालक के केबिन में फंस गया। हालांकि, गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटे ट्रेलर को हटाने की कोशिश कर रही है। प्रशासन ने जाम को कम करने के लिए एक लेन को बंद कर दूसरी लेन से वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन बंद लेन में भी करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घाटी की खतरनाक और घुमावदार सड़कों के कारण बड़े वाहनों के पलटने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। इसी वजह से लोग इसे ‘मौत की घाटी’ भी कहते हैं।
यात्रियों में नाराजगी, घंटों फंसे लोग
जाम में फंसे यात्रियों ने प्रशासन पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कम से कम एक लेन पूरी तरह खुली रखी जानी चाहिए ताकि वाहनों की आवाजाही जारी रहे और लोग घंटों तक जाम में न फंसे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम ट्रेलर हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी हुई है।