धनबाद : आगामी चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल–झारखंड सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में सोमवार को डुबुर्डीही चेकपोस्ट पर चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के दौरान प्रशासन को बड़ी सफलता मिली। जानकारी के अनुसार, झारखंड की ओर से आसनसोल जा रही एक चार पहिया वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 4 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

मौके पर तैनात एसएसटी मजिस्ट्रेट, आबकारी विभाग, केंद्रीय सुरक्षा बल तथा चौरंगी फाड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन में सवार व्यक्ति से नकद राशि के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पूरी नकद राशि को जब्त कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने बताया कि चुनाव को देखते हुए सीमा क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
