जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत थीम पार्क के समीप 24 मार्च की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कांड के मुख्य आरोपी मो. अयान को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपी मो. फरदीन खान, शैद उर्फ शाहिद एवं फैज राजा उर्फ फैजू को भी दबोच लिया गया है।

थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही अब्दुल मारुफ और अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी अयान समेत अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी, जिसके बाद पुलिस को सभी आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़ एवं स्कूटी भी बरामद कर ली है, जिससे मामले की जांच को और मजबूती मिली है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अयान ने बताया कि आदर्श सिंह के साथ पुराने विवाद के कारण इस हमले को अंजाम दिया गया था. इधर, पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। आदर्श सिंह की पूर्व प्रेमिका हर्षिता की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
