जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। कदमा-सोनारी लिंक रोड स्थित गोलचक्कर के पास नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कदमा भाटिया बस्ती रोड नंबर-25 निवासी सोनू करुवा उर्फ लोलो के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (जेएच 05सीएच084) के साथ पकड़ा गया। जब उससे वाहन के कागजात मांगे गए, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. जांच के क्रम में खुलासा हुआ कि मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी तथा उसके दस्तावेज भी जाली थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल तीन चोरी की बाइक जब्त की हैं।


मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस सफलता को लेकर पुलिस ने कहा कि वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
