जमशेदपुर : चर्चित रंगदारी और अवैध हथियार मामले में आरोपी दशरथ शुक्ला को जमशेदपुर कोर्ट से जमानत मिल गई है। शुक्ला पर लकड़ी कारोबारी हरेराम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। इस संबंध में कारोबारी के स्टाफ के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने व्यापक जांच शुरू की और विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में कुछ माह पूर्व रांची और बुंडू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दशरथ शुक्ला को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह बुंडू स्थित सूर्य मंदिर के पास मौजूद है, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से कंट्री मेड पिस्टल, रिवॉल्वर सहित कुल छह हथियार और भारी मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद की थीं। फिलहाल कोर्ट से जमानत मिलने के बाद मामले की आगे की सुनवाई जारी रहेगी।
