जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल हेतु बिछाई जा रही पानी की पाइपलाइन को लेकर मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-1 में बुधवार देर रात हंगामा हो गया। पाइपलाइन बिछाने के दौरान दर्जनों घरों के घरेलू जल कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि बीते चार दिनों से प्रभावित परिवारों को पानी के लिए गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है और लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।


स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संवेदक और संबंधित विभाग के अधिकारी क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत किए बिना ही काम जारी रखे हुए थे, जिससे समस्या और बढ़ती जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह देर रात करीब 11:15 बजे मौके पर पहुंचे और कार्य करवा रहे लोगों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल काम बंद कराया।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद लोगों को समझाकर मामला शांत कराया गया। विकास सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि “जल ही जीवन है, किसी को संकट में डालकर कोई भी कार्य स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने संबंधित संवेदक और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सबसे पहले क्षतिग्रस्त घरेलू पाइपलाइन की मरम्मत सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही नए पाइप बिछाने का कार्य शुरू किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मरम्मत कार्य में लापरवाही बरती गई, तो संबंधित संवेदक और अधिकारियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
