जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दिनांक 07 अप्रैल 2026 को पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने जिले के कुल 82 चिन्हित स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर सघन जांच अभियान चलाया. अभियान के क्रम में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कुल 88 लोगों का सत्यापन किया गया। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन एवं संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए कुल 44 वाहनों को जब्त किया गया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अड्डेबाजी, हुड़दंग एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
