जमशेदपुर : पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य हित में अहम पहल की है। उन्होंने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखकर जिले के सभी विद्यालयों के समय में तत्काल परिवर्तन करने का अनुरोध किया है। पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि जिले में तापमान लगातार बढ़कर लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चों के लिए इस भीषण गर्मी में स्कूल जाना काफी कठिन हो गया है।
उन्होंने सुझाव दिया है कि विद्यालयों का संचालन प्रातःकालीन समय में किया जाए, ताकि बच्चों को दोपहर की तेज धूप और लू से बचाया जा सके। साथ ही, स्कूलों से समय पर छुट्टी देकर बच्चों को सुरक्षित घर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है। विधायक का यह प्रयास व्यापक जनहित और स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक संवेदनशील पहल है।



