चाईबासा : जिले के सेरेंगसिया घाटी में शनिवार सुबह एक मालवाहक ट्रक पलटने से अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद सड़क पर बिखरे कोल्डड्रिंक के कार्टनों को उठाने के लिए ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति अनियंत्रित हो गई।


तीखा मोड़ पर अनियंत्रित हुआ ट्रक……
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल्डड्रिंक्स से लदा छोटा मालवाहक वाहन Tata 407 चाईबासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सेरेंगसिया घाटी के खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सड़क बनी ‘मुफ्त बाजार’……
ट्रक पलटते ही उसमें लदे सैकड़ों कार्टन सड़क पर बिखर गए। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और कोल्डड्रिंक की बोतलें व कार्टन उठाकर ले जाने लगे। कुछ ही देर में सड़क का दृश्य ‘मुफ्त बाजार’ जैसा हो गया।
पुलिस पहुंची, तब तक आधा माल गायब……
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि तब तक बड़ी मात्रा में सामान गायब हो चुका था। पुलिस ने शेष बचे माल को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया है।
लाखों के नुकसान की आशंका…..
हादसे और उसके बाद हुई लूटपाट से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने चालक का बयान दर्ज कर लिया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
एक घंटे तक जाम…..
ट्रक पलटने के कारण घाटी मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर आवागमन बहाल कराया गया।

