जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ निर्णायक कदम उठाते हुए बुधवार से बड़े पैमाने पर ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस सख्त कार्रवाई के तहत बर्मामाइंस और गुदरी बाजार इलाके में रेलवे जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया जाएगा। अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।


















कड़ी सुरक्षा में चलेगा अभियान……
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बागबेड़ा और बर्मामाइंस थाना पुलिस के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भारी तैनाती की गई है। मंगलवार को ही रेलवे ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए कई ढांचों को तोड़कर इलाके को खाली कराना शुरू कर दिया था, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।
नये सड़क प्रोजेक्ट के लिए खाली कराया जा रहा क्षेत्र…….
सूत्रों के मुताबिक जुगसलाई से गोलपहाड़ी तक प्रस्तावित नये मार्ग के निर्माण को लेकर यह पूरी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रेलवे के पुराने क्वार्टर, विभागीय ढांचे और कई कार्यालयों को भी हटाया जा रहा है। रेलवे ओबीसी कर्मचारी संघ ने नोटिस के बाद अपना कार्यालय खाली कर दिया है, जबकि मेंस कांग्रेस कार्यालय भी जल्द शिफ्ट होगा। टीटीई रेस्ट रूम भी इस परियोजना की जद में आ गया है।
सैकड़ों घरों पर लटकी कार्रवाई की तलवार……
रेलवे ने गोलपहाड़ी, खासमहल और कीताडीह क्षेत्र में अपनी जमीन पर बने करीब ढाई से तीन सौ कच्चे-पक्के मकानों को भी नोटिस जारी कर दिया है। वहीं डेढ़-दो दर्जन रेलवे क्वार्टरों को खाली कराकर तोड़ने की तैयारी है। बीएसएनएल ने भी अपने कार्यालय के लिए वैकल्पिक स्थान की तलाश शुरू कर दी है।
विकास बनाम अतिक्रमण……
रेलवे के इस सख्त अभियान से साफ है कि आने वाले दिनों में शहर में विकास परियोजनाओं के लिए जमीन खाली कराने की प्रक्रिया और तेज होगी। हालांकि, इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के सामने विस्थापन की चुनौती भी खड़ी हो गई है, जिससे इलाके में हलचल और चिंता दोनों का माहौल बना हुआ है।
