जमशेदपुर : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को विजय जुलूस निकालकर इसे छात्रों और युवाओं के आंदोलन की पहली सफलता बताया। जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में निकला जुलूस साकची स्थित जुबली पार्क गेट से शुरू होकर पुराना कोर्ट परिसर के समीप भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस तथा देशभर के छात्र-युवा लगातार आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग आंदोलन का प्रमुख मुद्दा था और उनका इस्तीफा जनदबाव की पहली जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा सरकार की शिक्षा व्यवस्था की विफलता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन केवल इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी की मांग है कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्र आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. परविंदर सिंह ने मांग की कि पेपर लीक प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाए तथा उनके परिवारों को हरसंभव सरकारी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सोशल मीडिया संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं को आंदोलन की पहली सफलता पर बधाई दी है तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और आंदोलन को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया है. कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, प्रदेश महामंत्री रविंद्र कुमार झा, बिजय यादव, अवधेश कुमार सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमप्रकाश उपाध्याय, महेंद्र मिश्रा, नंदलाल सिंह, बृजेंद्र तिवारी, रईस रिजवी, महेंद्र पांडे, प्रताप यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
