गढ़वा : गढ़वा जिले के अनुमंडल अस्पताल में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डिलेवरी वार्ड की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज के साथ हुई इस घटना से वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि समय रहते सभी मरीज सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।



घटना के समय वार्ड में आधा दर्जन से अधिक महिलाएं भर्ती थीं। मौजूद मरीजों में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के तुमिया गांव निवासी शिव शक्ति कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी, भवनाथपुर प्रखंड के बुका निवासी संतोष पासवान की पत्नी ममता देवी, प्रियंका कुमारी, जंगीपुर की सरिता देवी तथा हरनाकछार की सुनीता देवी शामिल थीं। इस दौरान एक मरीज के परिजन को पीठ में हल्की चोट आई, जिसका इलाज अस्पताल में ही कराया गया. इस घटना ने अस्पताल की जर्जर व्यवस्था और हाल ही में कराए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर भारी राशि खर्च किए जाने के बावजूद इस तरह छत का गिरना लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य की ओर इशारा करता है।
लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है. फिलहाल घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है, लेकिन इस हादसे ने स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है।
