जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की अध्यक्षता में घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक तथा थाना प्रभारी मौजूद रहे।



बैठक के दौरान लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। फरार अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने, अड्डेबाजी वाले स्थलों पर लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाने तथा नियमित वाहन चेकिंग अभियान संचालित करने पर भी बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सभी पदाधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया. बैठक के उपरांत माउभंडार ओपी एवं घाटशिला थाना का औचक निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
