सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित गैलेक्सी इंगोट प्लांट में मंगलवार को हुए जोरदार विस्फोट से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि अन्य कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी. जानकारी के अनुसार, प्लांट के फाइनेंस सेक्शन में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।



हादसे में घायल मजदूरों की पहचान बादल और पुजारी के रूप में हुई है। दोनों के शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है। गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को तत्काल बेहतर उपचार के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।
बायलर सिस्टम में लीकेज की आशंका…..
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि प्लांट के बायलर सिस्टम में पहले से लीकेज की समस्या थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी लीकेज के कारण आग लगी और बाद में विस्फोट हो गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
विस्फोट के बाद कंपनी परिसर में कार्यरत अन्य मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते अन्य कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. चांडिल थाना प्रभारी सनतन तिवारी ने बताया कि घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


