जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केबल टाउन बस्ती में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन गायब हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूजा स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, इंदु देवी नामक महिला पूजा-अर्चना में शामिल होने महायज्ञ में पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर उनके गले से सोने की चेन उड़ा ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हलचल मच गई, हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुका था।



पीड़िता इंदु देवी ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से महायज्ञ में शामिल हो रही थीं। रविवार की सुबह वह पूजा के दौरान फेरा ले रही थीं। फेरा लेने के बाद उनकी बहू ने ध्यान दिलाया कि उनके गले में चेन नहीं है। इसके बाद उन्हें चोरी का अहसास हुआ। बताया गया कि चेन करीब दो तोला सोने की थी. घटना की सूचना मिलने पर आयोजन समिति के सदस्यों ने भी मामले की जानकारी ली और तत्परता दिखाते हुए गोलमुरी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…..
धार्मिक आयोजनों में बढ़ती भीड़ के बीच इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे आयोजनों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
