जमशेदपुर : सामुदायिक उच्च विद्यालय बारीगोड़ा में बच्चों का चार दिवसीय समर कैंप का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ । समर कैंप के पहले दिन बच्चों के लिए योग शिविर का संचालन किया गया जिसका नेतृत्व पतंजलि योग समिति के कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा और वरिष्ठ योग शिक्षक उत्पल महापात्रा ने किया। शिविर में बच्चों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, त्रिकोणासन, कटिसौंदर्य आसन, पाद हस्तासन, शीर्षासन समेत कई प्रकार के आसन और प्राणायाम की शिक्षा दी गई।



शिविर का समापन हास्यासन, तालीवादन और सिंह गर्जना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के लिए योग प्राणायाम बहुत ही जरूरी है और इससे बच्चों का बौद्धिक, आध्यात्मिक और शारीरिक विकास होता है। अतः सभी बच्चों को प्रतिदिन योग प्राणायाम अवश्य करना चाहिए। शिविर के सफल संचालन में विद्यालय के सभी शिक्षक -शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर में एक सौ से अधिक बच्चों ने अपनी हिस्सेदारी निभाई। मौके पर रमाशंकर सिंह, सुबोध सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रियवंदा वर्मा, मीना नंदिता, सीमा कुमारी, अंजू कुमारी, रेणु कुमारी और पूनम कुमारी समेत विद्यालय के सभी स्टाफ उपस्थित थे।



