रांची : झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए अगले छह दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 18 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम केंद्र ने सुरक्षा के लिहाज से अलग-अलग जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं।



15 मई: इन 12 जिलों में दिखेगा उग्र रूप (ऑरेंज अलर्ट)
15 मई को राज्य के मध्य और पूर्वी हिस्सों में मौसम सबसे अधिक उग्र रह सकता है। विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी, वज्रपात और तेज बारिश होने की आशंका है।
संथाल परगना में 18 मई तक असर
पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 और 18 मई को भी राहत मिलने की उम्मीद कम है। विशेषकर संथाल परगना और उसके आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बनी रहेगी।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा सलाह
- खराब मौसम और वज्रपात (बिजली गिरने) के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों के लिए गाइडलाइन जारी की है:
- तेज आंधी और बारिश के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें।
- पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें, क्योंकि इनके गिरने का खतरा अधिक है।
- किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।



