लखनऊ : लखनऊ यूनिवर्सिटी से गुरु-शिष्य संबंध को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर छात्रा से फोन पर कथित रूप से अमर्यादित और अश्लील बातचीत करने के साथ-साथ प्रश्नपत्र लीक करने का प्रलोभन देने का गंभीर आरोप लगा है।



जानकारी के अनुसार आरोपी प्रोफेसर ने छात्रा को फोन कर निजी बातचीत की और छुट्टी से जल्द लौटने के लिए कहा। मामले से जुड़े दो ऑडियो भी सामने आए हैं। एक ऑडियो में छात्रा कथित तौर पर कहती सुनाई दे रही है कि उसे पेपर नहीं चाहिए और प्रोफेसर उसे फिर से उत्पीड़न का शिकार बनाना चाहते हैं। वहीं दूसरे ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से आपत्तिजनक बातें करते सुनाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया।



