धनबाद : आदित्य रंजन और प्रभात कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में धनबाद पुलिस को पुलिस मुख्यालय से मिली 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक का फीता काटकर एवं स्वयं बाइक चलाकर शुभारंभ किया। नई पेट्रोलिंग बाइक के शामिल होने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिसिंग को और मजबूती मिलेगी।



उपायुक्त ने कहा कि नई बाइक के जरिए बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। आने वाले दिनों में संचार व्यवस्था, निगरानी तंत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि नई पेट्रोलिंग बाइक जिले के विभिन्न थानों को उपलब्ध कराई गई है और इनका उपयोग 24 घंटे गश्ती एवं त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डायल 112 सेवा के रेस्पॉन्स टाइम में धनबाद पुलिस पूरे झारखंड में बेहतर प्रदर्शन कर रही है और नई बाइक मिलने से प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होगी।
एसएसपी ने जानकारी दी कि सभी बाइक आधुनिक जीपीएस सिस्टम, ब्लिंकर, सायरन और वायरलेस सेट जैसी सुविधाओं से लैस हैं। इससे पुलिस कंट्रोल रूम गश्ती टीमों की लगातार निगरानी कर सकेगा और पुलिसिंग अधिक प्रभावी बनेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले पिछले वर्ष धनबाद police को 70 नई पेट्रोलिंग बाइक, 50 सिटी हॉक्स बाइक और 40 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए थे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह का माहौल देखा गया।
मौके पर ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी नौशाद आलम, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुमित कुमार, डीएसपी शंकर कामती, सार्जेंट मेजर विनोद कुजूर सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।



