जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह चौक स्थित मामा स्टोर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान की एसबेस्टस छत काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से लगभग 85 हजार रुपये नकद एवं करीब 10 हजार रुपये मूल्य के सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है।



जानकारी के अनुसार, पारडीह चौक निवासी महेश सिंह प्रतिदिन की तरह मंगलवार देर रात करीब 11 बजे अपनी गल्ला दुकान बंद कर घर चले गए थे। दुकान में बिक्री अच्छी होने के कारण दूध, दही एवं अन्य कच्ची सामग्री के भुगतान के लिए उन्होंने नगद राशि दुकान में ही रख दी थी। बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। ऊपर देखने पर पता चला कि चोरों ने एसबेस्टस की छत काटकर दुकान में प्रवेश किया और दुकान में रखे बैग से करीब 85 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय मानगो थाना पहुंचकर पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। विकास सिंह ने कहा कि पूरा मानगो क्षेत्र नशा सामग्री और डेली लॉटरी के कारोबार का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई मोहल्लों में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है और इसका विरोध करने वाले लोगों को दबंगई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद लोगों को अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिलती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चोरी, नशा कारोबार और डेली लॉटरी पर रोक नहीं लगी तो लोगों को जागरूक एवं भयमुक्त करने के लिए जल्द ही पैदल मार्च निकाला जाएगा तथा जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जाएगा।



