जमशेदपुर : शहर में रिकवरी एजेंटों की बढ़ती मनमानी और दबंगई की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना न्यायालय के आदेश किसी भी व्यक्ति की गाड़ी जब्त करना पूरी तरह गैरकानूनी है। कानून हाथ में लेने वाले रिकवरी एजेंटों एवं संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एएसपी ने कहा कि वाहन जब्ती की प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत ही की जा सकती है। किसी भी रिकवरी एजेंट को सड़क पर वाहन रोककर जबरन कब्जा करने, वाहन मालिक को धमकाने या दबाव बनाने का अधिकार नहीं है। यदि इस तरह की शिकायत सामने आती है तो संबंधित एजेंटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



उन्होंने बताया कि पुलिस को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं, जिनमें रिकवरी एजेंट आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जबरन वाहन छीनने का प्रयास कर रहे हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाली रिकवरी एजेंसियों के खिलाफ छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई रिकवरी एजेंट अवैध तरीके से वाहन जब्त करने या धमकाने की कोशिश करे, तो इसकी तत्काल सूचना स्थानीय थाना या पुलिस अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



