जमशेदपुर : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर जिले में प्रेस लिखे फर्जी वाहनों एवं पत्रकारिता की आड़ में सक्रिय अवांछित तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन सड़कों पर देखे जा रहे हैं, जिन पर ‘प्रेस’ लिखा होता है, लेकिन उनका पत्रकारिता से कोई संबंध नहीं होता।



प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि कुछ तथाकथित फर्जी पत्रकार प्रेस की आड़ में धौंस जमाकर वैध-अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा भयादोहन जैसे कार्यों में संलिप्त हैं। इससे जहां पत्रकारिता की गरिमा धूमिल हो रही है, वहीं आम लोगों के शोषण की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। साथ ही वास्तविक पत्रकारों एवं जिला प्रशासन को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उपायुक्त ने प्रेस क्लब की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिले के कार्यशील पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सूची के आधार पर अवैध रूप से ‘प्रेस’ लिखे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी तथा प्रेस के नाम पर भयादोहन करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को ऐसे वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी मीडिया संस्थानों से सक्रिय पत्रकारों की सूची प्राप्त कर प्रशासन को उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो समेत अजय शंकर, देवानंद सिंह, संदीप सवर्ण, जयेश ठाकेर, रामकंडे मिश्रा, राघवेंद्र शर्मा, रंगाधर नंदा, उमाशंकर दुबे, गोविंद पाठक, मो. अकबर, इंद्रजीत सिंह पिंटू, अमजद खान, इम्तियाज इन्तु, देवाशीष चटर्जी, रविशंकर, बसंत साहू, अनिमेष सेन गुप्ता, रंजन झा, विनय उपाध्याय, राजेश सिंह, बिनोद केशरी, मो. जावेद, मो. अनवर, मुस्तबा रिजवी, चाणक्य साह, मनोज रजक, अनूप मिश्रा, सरफराज गोलू, उज्ज्वल कुमार, बाबू वसीम, ऋषव श्रीवास्तव, मो. सदाम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



