जमशेदपुर। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन (AIDSO) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के जमशेदपुर शाखा कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय के कुलसचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एक और दो जून को होने वाली जेनरल इलेक्टिव (GE-2) की परीक्षा की तिथि में बदलाव करने की माँग की गई है।



मामले की जानकारी देते हुए एआईडीएसओ की जमशेदपुर नगर अध्यक्ष सविता सोरेन ने बताया कि कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा GE-2 की परीक्षा 1 जून से निर्धारित की गई है। इसी दौरान (1 और 2 जून को) परीक्षा में शामिल होने वाले कई छात्र-छात्राओं की दूसरे विश्वविद्यालय में बीएड (B.Ed) की परीक्षा भी होनी तय हुई है।
सविता सोरेन ने कहा कि जो छात्र वर्तमान में बीएड कर रहे हैं, उनके लिए GE-2 की यह परीक्षा भी करियर के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों परीक्षाएं एक ही तिथि पर होने के कारण छात्रों के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से अविलंब परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की माँग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते तिथि में बदलाव नहीं किया गया, तो छात्र समुदाय उग्र आंदोलन को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से एआईडीएसओ के प्रदेश सचिव मंडली सदस्य प्रदीप कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष झरना महतो, नगर अध्यक्ष सविता सोरेन, नगर उपाध्यक्ष अमित कुमार और रोहित रॉय समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।



