जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गोलछा मार्केट के समीप यूनिक कलेक्शन रेडीमेड कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। मामले में नाम सामने आने के बाद टेल्को थाना क्षेत्र के मनिफिट निवासी सागर उपाध्याय ने शनिवार को जुगसलाई थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. सूत्रों के अनुसार सागर उपाध्याय घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व पुलिस पूछताछ के लिए उसके पिता राजा भोज उपाध्याय को थाना लेकर गई थी। इसी दबाव के बीच सागर ने थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि करने से फिलहाल इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।



गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप यूनिक कलेक्शन नामक कपड़ा दुकान में अपराधियों ने घुसकर फायरिंग कर दी थी। घटना में दुकान संचालक बिनेश कुमार बेरिया उर्फ दिनेश कुमार केडिया बाल-बाल बच गए थे। गोली उनके सिर और कान के ऊपर से गुजर गई थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) तौक़ीर आलम तथा जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग रंगदारी, आपसी रंजिश अथवा किसी अन्य विवाद के कारण की गई थी। मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।



