जमशेदपुर : मानगो चेपा पुल निवासी मो. मुमताज हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पुराना सीतारामडेरा स्लैग रोड निवासी बबलू कुमार को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।



जानकारी के अनुसार, इस मामले में पहले से गिरफ्तार राजू मुखी और रोहित मुखी को पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बबलू कुमार को दबोचने में सफलता हासिल की. पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद शुक्रवार की शाम न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, हरिजन बस्ती की एक युवती के साथ मो. मुमताज के प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में गत 10 मई को आरोपियों ने मुमताज की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल मुमताज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 15 मई को रिम्स में उसकी मौत हो गयी. मामले में इससे पहले राजू मुखी और रोहित मुखी ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस पूरे मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



