जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह प्रेमकुंज चौक निवासी 22 वर्षीय अंकित ठाकुर ने शुक्रवार की शाम नरवा पुल से गदड़ा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक का शव नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक अंकित ठाकुर आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ यूनिवर्सिटी में बीकॉम का छात्र था। बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर से निकला था। घर से निकलते समय उसने अपनी मां से कहा था कि वह 10 मिनट में वापस लौट आएगा। लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, हालांकि उसने कॉल रिसीव नहीं किया।



इसी बीच अंकित के एक दोस्त ने परिजनों को जानकारी दी कि अंकित ने उसे मैसेज भेजकर लिखा है कि वह नरवा पुल जाकर जान देने जा रहा है। यह सूचना मिलते ही परिवार के लोग घबराकर मौके की ओर दौड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंकित ने नरवा पुल पर अपनी स्कूटी खड़ी की और मोबाइल फोन स्कूटी की डिक्की में रखकर नदी में छलांग लगा दी। घटना करीब शाम चार बजे की बतायी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर अंकित के पिता कृष्णा ठाकुर समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अंकित ने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है। अंकित दो भाइयों में बड़ा था. पुलिस ने मौके से स्कूटी और मोबाइल जब्त कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



