लोकतंत्र सवेरा / जमशेदपुर : जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सामाजिक संस्थाएं लगातार लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयास में जुटी हैं। इसी कड़ी में रविवार को जमशेदपुर के बिरसानगर संडे मार्केट के पास ‘सेवा संस्था’ की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। संस्था के सदस्यों ने चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान राहगीरों के बीच ठंडे-मीठे शरबत और चना प्रसाद का वितरण किया।



रिक्शा चालकों और राहगीरों ने की सराहना
संस्था के सदस्यों ने बताया कि इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य राहगीरों को इस भीषण गर्मी में थोड़ी राहत पहुंचाना था। कार्यक्रम के दौरान बाजार आने-जाने वाले आम लोगों, राहगीरों और विशेषकर रिक्शा चालकों ने बड़े उत्साह के साथ शरबत और प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने संस्था के इस निस्वार्थ प्रयास की जमकर सराहना की और कहा कि इस तपती धूप में ऐसी पहल वाकई मानवता की सेवा है।
इन सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से : सुनील कुमार, अपूर्व प्रसाद, आरुष, अंशुमान सिंह, डोली कुमारी, हरि पांडे, नीलम पांडे, अरविंद कुमार, दिलीप साहू, विजय झा और बबलू चौबे उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग से लोगों के बीच शरबत और प्रसाद का वितरण किया।
आगे भी जारी रहेंगे सेवा कार्य: संस्था
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के सदस्यों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि ‘सेवा संस्था’ का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग की मदद करना है। उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के सामाजिक और जनहित के कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय-समय पर सहायता और राहत पहुंचाई जा सके।



