जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा बस्ती स्थित मुंसा सिंह बागान में पुराने विवाद को लेकर बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गये. घटना में एक पक्ष की परविंदर कौर ने आरोप लगाया है कि लक्की कौर और उसके बेटे राजवीर ने मिलकर उस पर चापड़ से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल अवस्था में परविंदर कौर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।



परविंदर कौर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व लक्की कौर और उसके बेटे राजवीर ने उसके आवास में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया था। इस मामले में उसने साकची थाना में शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत के बाद से ही राजवीर लगातार समझौते का दबाव बना रहा था।
पीड़िता के अनुसार गुरुवार को वह गुरुद्वारा बस्ती स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मां-बेटे ने उसे घेर लिया और चापड़ से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इधर, मामले को लेकर गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। उसी विवाद को लेकर दोनों ओर से मारपीट हुई है। घटना में परविंदर कौर और लक्की कौर दोनों घायल हुई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



