जमशेदपुर : जुगसलाई स्थित गणगौर मिष्टान की फैक्ट्री में शुक्रवार शाम अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद पूरे जुगसलाई क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। भारी भीड़ के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. आग की भयावहता को देखते हुए लोगों को आशंका थी कि इसकी लपटें आसपास के अपार्टमेंट और अन्य भवनों तक पहुंच सकती हैं। हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। संकरी सड़क होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई दमकल वाहनों की मदद से आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया जा सका. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। आगलगी की इस घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



