रांची/जमशेदपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित फ्लैटों के आवंटन का इंतजार कर रहे हजारों लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक एवं पूर्व मंत्री सरयू राय ने दावा किया है कि लाभार्थियों को उनके आवंटित फ्लैटों की चाबी हर हाल में 15 जून से पहले सौंप दी जाएगी। यह आश्वासन उन्हें राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार से रांची में हुई मुलाकात के दौरान मिला है।



रांची में हुई महत्वपूर्ण बैठक…..
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने रांची में मंत्री सुदिव्य कुमार से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जमशेदपुर के लाभार्थियों को फ्लैट हस्तांतरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान मंत्री ने आश्वस्त किया कि क्षेत्रीय दौरे से लौटते ही संबंधित संचिका पर आवश्यक आदेश जारी कर दिए जाएंगे, जिससे चाबी वितरण की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
लंबा इंतजार समाप्त होने की उम्मीद……
जमशेदपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार फ्लैटों का आवंटन होने के बावजूद बड़ी संख्या में लाभार्थी लंबे समय से कब्जा मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी कारणों से चाबी वितरण की प्रक्रिया लंबित थी, जिससे लाभार्थियों में निराशा का माहौल था. अब मंत्री के आश्वासन के बाद लाभार्थियों में नई उम्मीद जगी है कि वर्षों का इंतजार जल्द समाप्त होगा और उन्हें अपने सपनों का घर मिल सकेगा।
समय-सीमा तय होने से बढ़ा दबाव……
15 जून से पहले चाबी सौंपने की समय-सीमा तय होने के बाद संबंधित विभागों और प्रशासन पर प्रक्रिया को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का दबाव बढ़ गया है। यदि तय समय में वितरण कार्य शुरू हो जाता है तो यह हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
सरयू राय ने कहा कि वह इस पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि लाभार्थियों को बिना किसी अतिरिक्त विलंब के उनके आवंटित फ्लैटों का कब्जा मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार अपने आश्वासन के अनुरूप जल्द कार्रवाई कर लाभार्थियों को उनका अधिकार दिलाएगी।



