जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी कुंडी को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम उसे देर रात जमशेदपुर लेकर पहुंचने वाली है।



गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदाबस्ती इलाके में एक ही रात वर्चस्व और रंगदारी को लेकर दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटनाएं हुई थीं। इनमें से एक घटना में अपराधियों ने व्यवसायी राजकुमार साह के घर पर गोलीबारी की थी। घटना के बाद उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई थी तथा कन्हैया यादव के पास पहुंचाने की बात कहते हुए रंगदारी की मांग की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि रंगदारी मांगने वाले ने फोन पर अपना नाम कुंडी बताया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी। प्रारंभिक जांच में आरोपी की लोकेशन दीघा क्षेत्र में मिली थी, जिसके बाद लगातार ट्रैकिंग के दौरान उसका लोकेशन कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में मिला। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी में स्थानीय पुलिस का भी सहयोग लिया गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ की तैयारी में जुटी है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान फायरिंग और रंगदारी गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं. जमशेदपुर पुलिस सोमवार को पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।



