सीवान : दिनदहाड़े गोलियों की गूंज, भागते हुए नकाबपोश और बाजार में फैली दहशत सीवान में गुरुवार को जो हुआ, उसने बिहार की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जब राजधानी पटना में माफिया राज खत्म करने के दावे किए जा रहे थे, ठीक उसी वक्त सीवान में छह हथियारबंद अपराधी एक ज्वेलरी शॉप में घुसे और सिर्फ कुछ मिनटों में करीब एक करोड़ की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा बाजार दहल उठा और लोग अपनी जान बचाने को इधर-उधर भागने लगे। यह वारदात सिर्फ लूट नहीं, बल्कि अपराधियों का बोलबाला दिखाने वाली खुली चुनौती है। सीवान में कानून-व्यवस्था की परीक्षा अब पहले से कहीं कठिन हो गई है।

अपराधियों का मनोबल ऊंचा….
यह घटना उस समय हुई जब पटना में पुलिस महानिदेशक माफिया राज को खत्म करने को लेकर बयान दे रहे थे। वहीं सीवान में अपराधियों ने खुलेआम लूट की वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
स्थानीय लोगों ने क्या कहा ….
स्थानीय लोगों ने बताया कि अपराधी बड़ी आसानी से दुकान में घुसे और जेवरात व नकदी लूटकर निकल गए। बाहर निकलते समय उन्होंने फायरिंग की, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
जांच में जुटी पुलिस …..
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। इलाके के व्यापारियों में प्रशासन के प्रति गुस्सा है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई है।

