पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद NDA नई सरकार का गठन करने जा रही है. बुधवार को नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुना गया. वे आज गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एनडीए के बड़े नेता पटना पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ देर में विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को बहुत प्यार दिया है, इसीलिए सरकार बन गई है. नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी को आशीर्वाद दिया है. पूरे देश में उत्साह देखने को मिल रहा है.

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि बिहार में जिस तरह से एनडीए जीती है उससे पता चलता है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से जनता बहुत खुश है. इसका यह भी संदेश है कि आगे भी आप लोग इसी तरह का काम करते रहें, आप लोग ही बिहार में रहेंगे.मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव पटना कहा कि बिहार में बहार है, एनडीए सरकार है. बिहार में अपने काम के दम पर फिर से एनडीए सरकार आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार अलग-अलग राज्यों में सरकार बन रही है. ये बहुत ही खुशी की बात है. मैं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आया हूं.
