पटना : बिहार में एलपीजी की बढ़ती मांग और आपूर्ति पर बढ़ते दबाव को देखते हुए फिलहाल नए गैस कनेक्शन जारी करने और कनेक्शन ट्रांसफर पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। यह फैसला मौजूदा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।



जानकारी के मुताबिक, नए गैस कनेक्शन (एनसी) और डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) जारी करने की प्रक्रिया अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई है। यानी अब फिलहाल इन दोनों श्रेणियों में कोई नया कनेक्शन जारी नहीं किया जाएगा।
बिहार एलपीजी वितरक संघ के महासचिव डॉ. रामनरेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए तेल कंपनियों ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
वर्तमान में एलपीजी वितरण व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। इसी के तहत शहरी इलाकों में 12 और ग्रामीण क्षेत्रों में 8 सिलेंडर के बाद बुकिंग पर भी अस्थायी ब्रेक लगाया गया है।
संघ के मुताबिक, जब तक आपूर्ति की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक नए गैस कनेक्शन और डबल बॉटल कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया पर रोक जारी रहेगी। स्थिति सामान्य होने के बाद ही इस पर आगे फैसला लिया जाएगा।
