पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई सरकार में विभागों का बंटवारा कर दिया है। सबसे बड़ा बदलाव गृह मंत्रालय को लेकर है—इस बार सीएम नीतीश कुमार ने गृह विभाग अपने पास न रखते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सौंप दिया है। यह पहली बार है जब मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार के पास गृह विभाग नहीं रहेगा, जबकि पहले हर सरकार में गृह विभाग उन्हीं के पास रहता था। दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व विभाग और खान एवं भू-तत्व विभाग मिला है। वहीं मंगल पांडे को एक बार फिर स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ कानून विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

जेडीयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव बिहार के नए वित्त मंत्री बनाए गए हैं। उनके पास ऊर्जा विभाग भी रहेगा। विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्रालय मिला है, जबकि लेशी सिंह खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों की मंत्री बनी हैं। राम कृपाल यादव को कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। नितिन नवीन पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग संभालेंगे। बीजेपी के संजय टाइगर को श्रम संसाधन विभाग और राम निषाद को पिछड़ा व अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मिला है। श्रेयसी सिंह को खेल मंत्रालय के साथ सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार दिया गया है। उद्योग विभाग बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को सौंपा गया है। नई विभागीय संरचना के साथ सरकार के कामकाज को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
