जमशेदपुर : साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। अब बिना किसी ओटीपी या बैंक डिटेल साझा किए भी लोगों के खाते खाली किए जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा से सामने आया है, जहां टाटा मोटर्स के कर्मचारी के खाते से 80 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. पीड़ित राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि 28 अप्रैल को उनके एसबीआई खाते से अचानक 80 हजार रुपये कट गए। जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया, तो पता चला कि राशि यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर की गई है।



राजेश ने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो किसी प्रकार का भुगतान किया और न ही किसी के साथ अपने बैंक की गोपनीय जानकारी साझा की। इसके बावजूद उनके खाते से पैसे निकाल लिए गए. घटना के बाद पीड़ित ने बिष्टुपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
