जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आकाशदीप प्लाजा के पास रविवार को स्थानीय ऑटो चालकों ने लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को पकड़ लिया। आरोपी पर लंबे समय से ऑटो चालकों एवं राहगीरों को झांसा देकर पैसे ठगने का आरोप है। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान चालक उसकी तलाश में जुटे थे।



भुक्तभोगी ऑटो चालक राव ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी उससे करीब तीन हजार रुपये की ठगी कर चुका था। रविवार को आरोपी ने एक बार फिर शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर ऑटो बुक किया। दोनों के बीच 100 रुपये भाड़ा तय हुआ। इसी दौरान आरोपी ने चालक से तीन हजार रुपये के चेंज की मांग की।
चालक के अनुसार आरोपी पैसे लेने के लिए घर से रकम लाने का बहाना करने लगा, लेकिन इस बार चालक ने उसे पहचान लिया। शक होने पर जब चालक ने उससे सवाल किया तो आरोपी मौके से भागने लगा। इसके बाद चालक ने शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद ऑटो चालक और स्थानीय लोग सक्रिय हो गए तथा पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नकदी बरामद की गई। वहीं उसकी स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने ऐसे ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम लोगों और वाहन चालकों को इस तरह की घटनाओं से राहत मिल सके।



