रामचंद्र सहिस बोले—छात्र-युवाओं के आंदोलन को दबाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता, संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय
जमशेदपुर : आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राज्य के ज्वलंत जनमुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी ने JPSC और JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज एवं मारपीट के विरोध में राज्य सरकार के खिलाफ जिला मुख्यालय पर पुतला दहन करने का निर्णय लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के साथ हुई कथित लाठीचार्ज और मारपीट की घटना के विरोध में आजसू पार्टी आंदोलन करेगी। पुतला दहन के लिए उपायुक्त से विधिवत अनुमति ली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
सड़क से सदन तक संघर्ष का संकल्प……
जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी राज्य के ज्वलंत जनमुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करते हुए पार्टी की गतिविधियों को पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे जनसमस्याओं को प्राथमिकता दें और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें।
अप्पू तिवारी को मिली अहम जिम्मेदारी……
बैठक के दौरान अप्पू तिवारी को पूर्वी विधानसभा का बीएलए-1 प्रभारी बनाए जाने की घोषणा की गई। वहीं, महिला संगठन को मजबूत करने के लिए जिला महिला संयोजक के नेतृत्व में प्रखंडवार महिला समितियों का शीघ्र विस्तार करने की जिम्मेदारी महिला समिति को सौंपी गई।
पार्टी ने बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया. बैठक में रामचंद्र सहिस, कन्हैया सिंह, संजय मालाकार, अप्पू तिवारी, कान्हु सामंत, राजेश चौधरी, शैलेन्द्र सिन्हा, चंद्रेश्वर पांडेय, दीपक पांडेय, जमाल खान, ललन झा, आकाश सिन्हा, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह, रामदेव हेंब्रम, ललित सिंह, परवीन प्रसाद, मंटू शुक्ला, मुन्ना भाई, सोनू सिंह, राजा कुमार, संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
