जमशेदपुर : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 26 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। उपायुक्त के निर्देश पर इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालय प्रबंधन को अवकाश के दौरान ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने कहा है कि जिले में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिया जा सकता है। वहीं, जारी आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालय अथवा संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
